Monday, January 10, 2011

संघ को आतंकवाद से जोड़ा तो भस्म हो

पूर्वी दिल्ली, जागरण संवाददाता : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रवक्ता राम माधव ने कहा कि अगर कोई भी राष्ट्रविरोधी व कट्टरपंथी ताकत हिंदू समाज को आतंकवाद से जोड़ने का षड्यंत्र रचेगी तो देश की जनता उसे जड़ से समाप्त कर देगी। वह वजीराबाद रोड स्थित हरनाम पैलेस में रविवार को 'आतंकवाद की राजनीति' विषय पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यमुना विहार विभाग की ओर से किया गया था। दूसरी ओर, आनंद विहार के विवेकानंद स्कूल सभागार में आयोजित 'दुष्प्रचार की राजनीति' विषय पर गोष्ठी में राममाधव ने कहा कि संघ के खिलाफ दुष्प्रचार हनुमान जी की पूंछ में आग लगाने के समान है। दुष्प्रचार करने वाले लंका की तरह जल कर भस्म हो जाएंगे।
उन्होंने यूपीए समर्थित कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष किया और कहा कि एक तरफ पूरी दुनिया में आतंकवाद से निपटने के लिए सख्त कानून बनाए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर भारत में वोट की राजनीति के लिए उसे लचीला किया जा रहा है। पोटा जैसे कानून को समाप्त करना शर्मनाक है।
उन्होंने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और कहा कि देश की सभ्यता को वह विदेशों में भगवा आतंकवाद से प्रचारित करके क्या साबित करना चाहते हैं। वोट की राजनीति से सिमी जैसे कट्टरपंथी आतंकवादी संगठन की तुलना संघ से करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो कार्यकर्ता देश हित और देश के निर्माण में सतत लगे हैं, उन्हें कांग्रेस की राजनीतिक आकांक्षा पूरी करने के लिए आतंकी साबित किया जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथो लिया और कहा कि 2007 में संसद में गृहमंत्री ने माओवादियों को अपना बच्चा तक कहा था। स्वामी असीमानंद के मामले में मजिस्ट्रेट के सामने बयान को सार्वजनिक किए जाने को उन्होंने साजिश करार दिया।
इस मौके पर आरएसएस उत्तार भारत के संपर्क प्रमुख लक्ष्मणदास, प्रांत संघ चालक रमेश प्रकाश, विभाग संचालक ईश्वरदास महाजन, मदन मेहतो, संजय गर्ग, कृष्णपाल, पुरुषोत्ताम गुप्ता, युधिष्ठिर, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, नरेश गौड़, निगम पार्षद जयकिशनदास गुप्ता, ताज गोठी , ताराचंद उपाध्याय, अंसार खान, संजय सुर्जन, अजय कुमार, सत्या शर्मा, मनोज त्यागी, सुभाष त्यागी, विपिन गर्ग, ठाकुर अवधेश सिंह और मो. रुस्तम आदि मौजूद थे।

No comments: